भूमि विवाद में भाई की पीट-पीटकर हत्या, ग्रामीणों ने किया पुलिस का घेराव

3/17/2021 11:52:06 AM

बगहाः बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के बाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को भूमि विवाद में एक व्यक्ति ने अपने भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि लक्ष्मीपुर रमपुरवा गांव निवासी सहोदर भाईयों भीखन राम और राम किशन राम के बीच कई वर्षों से भूमि विवाद चल रहा था। विवादित भूखंड पर राम किशन राम निर्माण कार्य करा रहा था, जिसका विरोध भीखम राम ने किया। इस दौरान राम किशन राम एवं उनके सहयोगियों ने मिलकर पीट-पीटकर भीखन राम को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अवस्था में भीखम राम को इलाज के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

सूत्रों ने बतया कि इस बीच मामले की छानबीन करने पहुंची बाल्मीकि नगर थाने की पुलिस को ग्रामीणों ने घेर लिया। ग्रामीणों एवं परिजनों ने आरोप लगाया कि विवादित भूमि से संबंधित आवेदन पुलिस को देने के बाद भी पुलिस ने कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की, जिससे यह घटना हुई। घटनास्थल पुलिस के वरीय पुलिस पदाधिकारी पहुंच गए हैं एवं ग्रामीणों को समझाने में जुटे हुए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है।

Content Writer

Ramanjot