ईंट भट्ठा मालिक की दरिंदगी, रात 12 बजे में केबिन में बुलाकर बच्चियों से कराता था ये काम, पुलिस रेड में हुआ बड़ा खुलासा
Tuesday, Mar 31, 2026-05:09 PM (IST)
Saharsa News: बिहार के सहरसा जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने राज्य की कानून व्यवस्था और मजदूरों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक रसूखदार ईंट भट्ठा मालिक, ओवेश करनी उर्फ चुन्ना मुखिया, पर असम से आए गरीब मजदूरों की नाबालिग बेटियों के साथ यौन उत्पीड़न, बंधक बनाने और अत्याचार करने का आरोप लगा है।
8 से 15 साल की बच्चियों को बनाता था निशाना
असम से रोजी-रोटी की तलाश में आए करीब 100 मजदूर परिवारों के लिए यह ईंट भट्ठा एक 'यातना केंद्र' बन गया था। मजदूरों का आरोप है कि चुन्ना मुखिया रात के 12 बजे 8 से 15 साल की मासूम बच्चियों को जबरन अपने केबिन में बुलाता था और सुबह 3 बजे तक उनके साथ दरिंदगी की जाती थी। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में आरोपी को हाथ में सिगरेट लिए एक नाबालिग बच्ची को नाचने के लिए मजबूर करते हुए देखा जा सकता है।
विरोध पर तालिबानी सजा
मजदूरों ने पुलिस को बताया कि विरोध करने पर उन्हें रोंगटे खड़े कर देने वाली सजा दी जाती थी। उन्हें बंदूक की नोक पर डराया जाता था। मजदूरों को जेसीबी से बांधकर लटकाने और करंट के झटके देने का आरोप है। एक बुजुर्ग मजदूर को बंधक बनाकर करंट लगाया गया था। हद तो तब हो गई जब शनिवार रात जब एक मां ने अपनी बेटी को आरोपी के चंगुल से बचाने की कोशिश की, तो चुन्ना मुखिया ने महिला की जांघ में गोली मार दी।
यह भी पढ़ें- प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या! मंदिर के पास युवक ने मारी गोली; इलाके में फैली सनसनी
7 लड़कियां रेस्क्यू, 33 मामलों का आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सहरसा पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसपी के निर्देश पर एसआईटी (SIT) का गठन किया गया और डॉग स्क्वायड के साथ भट्ठे पर छापेमारी की गई। मुख्य आरोपी ओवैस करनी उर्फ चुन्ना मुखिया और उसके मुंशी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से 7 नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित निकाला है। डीएसपी ओम प्रकाश के अनुसार, चुन्ना मुखिया एक आदतन अपराधी है, जिस पर पहले से ही हत्या और लूट जैसे 33 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- शादीशुदा महिला से सरेआम सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश, शिकायत की तो वायरल किया 42 सेकंड का अश्लील वीडियो
प्रशासनिक रुख
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), एससी-एसटी एक्ट और हत्या के प्रयास जैसी संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है। घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल में जारी है और रेस्क्यू की गई बच्चियों की काउंसलिंग कराई जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इतने बड़े पैमाने पर चल रहे शोषण की खबर स्थानीय स्तर पर पहले क्यों नहीं मिल सकी।

