गर्लफ्रेंड ने बिहार में लगाई फांसी तो बॉयफ्रेंड ने जयपुर में दे दी जान, 8वीं कक्षा से चल रहा था अफेयर

3/25/2022 11:12:05 AM

मुजफ्फरपुरः बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में 23 वर्षीय छात्रा ने पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली। वहीं जब इस बात की सूचना उसके बॉयफ्रेंड को मिली तो उसने भी जयपुर में 8वीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी।

जानकारी के अनुसार, मामला मुजफ्फरपुर जिले के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र का है। लड़की अंजली जायसवाल (23) पंखा टोली की रहने वाली थी। अंजली का शव पुलिस ने उसके घर के बंद कमरे से बरामद किया। पुलिस अंजली के केस की गुत्थी सुलझाने में जुटी थी कि तभी उसके बॉयफ्रेंड विवेक कुमार (26) के भी सुसाइड करने का मामला सामने आ गया। विवेक कुमार नीम चौक शंकरपुरी का रहने वाला था। वह जयपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। जून में उसकी पढ़ाई पूरी होने वाली थी। उसका नोएडा की एक कंपनी में सेलेक्शन भी हो गया था। गुरुवार को उसका तीसरा इंटरव्यू था।



मृतक विवेक के भाई राहुल ने बताया कि विवेक चार साल से कंप्यूटर साइंस से B. TECH कर रहा था। उसने बताया कि भैया के साथ मोतिहारी का लड़का कुणाल रहता है, जिसने को कॉल कर सुसाइड की जानकारी दी। बताया कि आज सुबह 7.15 बजे विवेक के मोबाइल पर किसी का कॉल आया था। वह बात करते हुए रूम से निकला। फिर बिल्डिंग के पिछले हिस्से से कूदकर अपनी जान दे दी। उसके हाथ मे मोबाइल भी था। जो निचे गिरने से टूट गया। जयपुर पुलिस ने इसे जब्त कर लिया है। 

आठवीं क्लास से चल रहा था अफेयर
राहुल ने बताया कि भैया का अफेयर अंजली के साथ आठवीं क्लास से चल रहा था। दोनों साथ मे ओरिएंट क्लब स्थित एक स्कूल में पढ़ते थे। विवेक चार साल पहले ही इंजीनियरिंग करने जयपुर चला गया था। अगले महीने वह घर आने वाला था। 



लड़की के भाई ने किया था कॉल
मृत विवेक के भाई राहुल ने बताया कि आज सुबह अंजली के भाई ने विवेक को कॉल कर सुसाइड करने की जानकारी दी थी और उसी से बात करते हुए वह बिल्डिंग से कूद गया। ये बात उनलोगों को वहां की पुलिस से पता लगी है। जब विवेक के मोबाइल का लास्ट कॉल डिटेल्स निकाला गया तो इसमें उक्त बातों की जानकारी मिली। राहुल ने आरोप लगाया है कि अंजली के भाई ने भैया को डराया धमकाया होगा या टॉर्चर किया होगा। जिस कारण वह बिल्डिंग से कूद गया। 



रात को अंजली-विवेक की हुई थी बात
बुधवार रात करीब नौ बजे अंजली और विवेक की बात हुई थी। उस दौरान मुजफ्फरपुर की एक लड़की जो इनदोनों की दोस्त है, वह भी कॉन्फ्रेंस कॉल में शामिल थी। आज उसने राहुल को कॉल कर इसकी जानकारी दी। बताया कि रात को तीनों कॉन्फ्रेंस पर थे। विवेक-अंजली में किसी बात को लेकर लड़ाई हुई थी। इस कारण वह इन दोनों के बीच फिर से दोस्ती करवा रही थी। लेकिन, विवेक कॉल काटकर चला गया था। इसके बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया। इसी के बाद देर रात अंजली ने सुसाइड कर लिया।

Content Writer

Ramanjot