Bodh Gaya: बौद्ध भिक्षुओं ने गरीबों की मदद के लिए बढ़ाया हाथ, 600 ग्रामीणों के बीच बांटे कंबल

12/4/2023 2:37:49 PM

गया: भगवान बुद्ध की पावन ज्ञान भूमि बोधगया स्थित मुचलिन्द सरोवर के समीप विदेश से आए बौद्ध भिक्षुओं एवं श्रद्धालुओं ने गरीबों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। श्रद्धालुओं द्वारा मुचलिन्द एवं आस-पास के छह सौ ग्रामीणों के बीच कंबल का वितरण किया गया है। इस दौरान बौद्ध भिक्षुओं द्वारा बौद्ध परंपरा के अनुसार विश्व शांति को लेकर विशेष पूजा भी की गई।

कार्यक्रम में शामिल थाईलैंड से आए बौद्ध भिक्षु बिग बाबा ने बताया कि इन दिनों ठंड का मौसम चल रहा है। इसे लेकर मुचलिन्द गांव एवं अन्य गांव के ग्रामीणों के बीच 6 सौ कंबल का वितरण किया गया है, ताकि उन्हें ठंड से निजात मिले। उन्होंने कहा कि मुचलिन्द सरोवर में भगवान बुद्ध ने तपस्या की थी, उस समय बहुत बड़ा तूफान आया था, इसके बाद नाग देवता ने भगवान बुद्ध की रक्षा की थी। इसलिए बौद्ध धर्मावलंबियों के लिए यह बहुत ही पवित्र स्थल है।

बाबा ने बताया कि बिहार सरकार भी इस ऐतिहासिक स्थल को विकसित कर रही है। यही वजह है की बड़ी संख्या में यहां विदेशी श्रद्धालु आते हैं। कंबल का वितरण थाईलैंड, अमेरिका, मलेशिया एवं सिंगापुर से आए श्रद्धालुओं एवं बौद्ध बौद्ध भिक्षुओं द्वारा किया गया है। आगे भी गरीबों की मदद के लिए कई कार्यक्रम किए जाएंगे। 

Content Writer

Ramanjot