पटना के "छोटे खान सर": 10वीं तक का Math मिनटों में हल कर लेता है तीसरी कक्षा का बॉबी, सोनू सूद ने भी की तारीफ

10/2/2022 2:30:19 PM

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): बिहार के प्रतिभा का लोहा पूरा दुनिया मानता है। इस धरती पर आज भी एक से एक प्रतिभा के धनी देखने को मिलते हैं। कुछ दिनों पहले नालंदा का सोनू पढ़ाई को लेकर चर्चा में रहा था। अब पटना के मसौढ़ी का बॉबी वायरल हो गया है। आठ साल का बॉबी तीसरी क्लास में पढ़ता है लेकिन दसवीं तक का मैथ मिनटों में हल करता है। अभिनेता सोनू सूद भी बॉबी के टैलेंट की तारीफ कर चुके हैं।



महान गणितज्ञ के रूप में देख रहे लोग
मसौढ़ी महान गणितज्ञ आर्यभट्ट का कर्म क्षेत्र रहा है। इसी जगह पर आठ साल के बॉबी को लोग महान गणितज्ञ के रूप में देख रहे हैं। बॉबी मसौढ़ी प्रखंड के नदवा स्थित चपौर गांव का रहने वाला है। उसके माता-पिता ने गांव में अपने घर में एक छोटा सा स्कूल खोला है। बॉबी इसी स्कूल में पढ़ाई भी करता है। बॉबी के दिव्यांग पिता राजकुमार दसवीं तक के बच्चों को अपने घर में ही कोचिंग देते है। पिता के नहीं रहने पर बॉबी नौवीं और दसवीं तक के बच्चों को गणित पढ़ाता है। बॉबी को मैथ के 200 से ज्यादा फार्मूला याद है। नौवीं और दसवीं क्लास के अलजेब्रा को वह चुटकी में हल कर देता है। बॉबी को मैथ बनाते देख आप भी हैरान हो जाएंगे। बॉबी को इलाके के लोग छोटे खान सर के नाम से भी पुकारते हैं।



गणित बनाने में आता है आनंदः बॉबी 
बॉबी की मां प्रभा कुमारी ने बताया कि क्लास में सीखने के बाद वह उनके पास आता है तो वह उसे बताती हैं। वे अपने घर में स्कूल चला रहे हैं। दोनों ने ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई पूरी की है। जब कोई काम नहीं मिला तो पति-पत्नी मिलकर गांव में ही स्कूल चला रहे हैं। वहीं बॉबी ने बताया कि उसे गणित बनाने में बहुत आनंद आता है। उसका सपना है कि बड़ा होकर वह वैज्ञानिक बने और आधुनिक मिसाइल बनाने का रिसर्च करे। एक कहावत बहुत प्रचलित है पूत के पाँव पालने में ही दिख जाते है। बॉबी के सोशल मीडिया पर इस टैलेंट का हर कोई दीवाना हो गया है।

Content Writer

Ramanjot