संजय जायसवाल का दावा- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 200 से अधिक सीटें जीतेगी पार्टी

2/1/2021 11:43:00 AM

गयाः बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने भगवान बुद्ध की पावन ज्ञान भूमि बोधगया भाजपा के प्रमंडल स्तरीय शिविर में कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की ही सरकार बनेगी। जिस तरह बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लोकतंत्र का गला घोटने का काम कर रही है, उससे जनता में काफी रोष है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम में जिस कदर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बवाल और हमला किया है, उसे बंगाल की जनता कभी पसंद नहीं करती है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा पूरी ताकत के साथ बंगाल में चुनाव लड़ेगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पूरी तरह से सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। भाजपा की रैली और कार्यक्रम करने रोक लगा दिया जा रहा है। कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार में सिर्फ चार दल हैं। राजग में भाजपा, जनता दल यूनाईटेड (जदयू), हिन्दुस्तान अवाम मोर्चा (हम) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) दल का ही गठबंधन है। उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के चिराग पासवान के सवाल पर कोई टिप्पणी नहीं की।

संजय जयसवाल ने जोर देकर कहा कि बिहार में सिर्फ चार दल ही राजग गठबंधन में है। बिहार में राजग सरकार बहुत ही अच्छे तरीके से चल रही है। किसी भी दल में असंतोष नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार मंत्रिमंडल विस्तार में कोई अवरोध नहीं है। एक सप्ताह के अंदर मंत्रिमंडल का विस्तार कर लिया जाएगा। इस मौके पर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह भाजपा विधायक डॉ. प्रेम कुमार, औरंगाबाद सांसद सुशील सिंह, पूर्व सांसद हरि मांझी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस प्रमंडलीय प्रशिक्षण शिविर में गया, औरंगाबाद, जहानाबाद एवं अरवल के कार्यकर्ता शामिल हुए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ramanjot

Recommended News

Related News

static