"कर्नाटक में मिली हार का जश्न फिल्म देख कर मना रहे BJP नेता", ललन सिंह बोले- अब नहीं चलेगी धार्मिक गुंडागर्दी

5/14/2023 11:07:44 AM

पटना: कर्नाटक में कांग्रेस ने प्रचंड जीत हासिल कर ली है। वहीं कर्नाटक चुनाव के नतीजों पर जनता दल-युनाइटेड (JDU) के अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने कहा कि दक्षिण भारत का एकलौता किला ढ़हने पर जहां अन्य राज्यों के भाजपा नेताओं में मातम पसरा हुआ था, तो वहीं बिहार भाजपा के बड़े नेता ख़ुशी से फूले नहीं समा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां टीवी पर वोटों की गिनती चल रही थी और दूसरी तरफ भाजपा के बड़े नेता पटना में सिनेमा देख कर हार का जश्न मना रहे थे।

"धार्मिक गुंडागर्दी' नहीं चलेगी"
ललन सिंह ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे, जिसमें कांग्रेस 224 सीटों में से 136 सीटें जीतकर विजयी हुई है। यह साबित करती है कि 'धार्मिक गुंडागर्दी' और नैरेटिव बनाने से चुनाव में कुछ नहीं होगा। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत का एकलौता किला ढ़हने पर जहां अन्य राज्यों के भाजपाइयों में मातम पसरा हुआ था, तो वहीं बिहार भाजपा के शीर्ष नेता ख़ुशी से फूले नहीं समा रहे हैं। भाजपा नेताओं का यह आचरण दिखाता है कि प्रधानमंत्री मोदी के गिरते ग्राफ़ से यह लोग कितने खुश हैं। आपसी लड़ाई में यह लोग इतने उलझे हुए हैं कि इन्हें जनता और विपक्षी दलों की तरफ देखने की फुर्सत तक नहीं है। उन्होंने कहा कि 2024 में भाजपा के हारने पर यह लोग निश्चित ही दरी-चटाई ले जाकर चिड़ियाघर में पिकनिक मनाएंगे। ललन सिंह ने कहा कि देश के लोग उन लोगों पर भरोसा नहीं करेंगे जो वास्तविक मुद्दों को हल नहीं कर रहे हैं।

"राजनीतिक लाभ के लिए धर्म का इस्तेमाल करना सबसे बुरी बात है"
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के बाद कर्नाटक में भाजपा का किला नेस्तनाबूद होना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा के दिन अब लद चुके हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं भी हिंदू हूं, लेकिन मैं राजनीतिक उद्देश्यों के लिए धर्म का विज्ञापन करने में विश्वास नहीं करता हूं। उन्होंने कहा कि धर्म में विश्वास करना बुरी बात नहीं है, लेकिन राजनीतिक लाभ के लिए इसका इस्तेमाल करना सबसे बुरी बात है।

Content Editor

Swati Sharma