‘बिहार में का बा' के सवाल पर BJP ने दिया जवाब- ‘बिहार में ई बा', वीडियो वायरल

10/14/2020 10:04:57 AM

पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election)  को लेकर विपक्ष के बिहार में 'का बा' (क्या है) सवाल का भाजपा ने भोजपुरी गीत बिहार में 'ई बा' (ये है) से जवाब दिया है। भाजपा (BJP) ने इस वीडियो में गीत ‘ई बा' के जरिए प्रदेश की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया है।

भाजपा (BJP) के वरिष्ठ नेता भूपेन्द्र यादव ने ट्वीट किया, ‘‘कितना गिनाएं कि बिहार में 'का-का बा' ? अब खुद ही देख लीजिए बिहार में 'ई बा'..।'' उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों विपक्षी दल ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर एक पोस्टर लगाया था। उसमें मात्र एक वाक्य लिखा था, ‘बिहार में का बा।' पोस्टर में सरकार को कठघरे में खड़ा करने के लिए कुछ तस्वीरें भी थीं। उसी पोस्टर के बाद भाजपा ने इसका जवाब दिया है। भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक मनन कृष्ण ने बताया कि करीब ढाई मिनट के इस वीडियो में बिहार में राजग सरकार के कार्यो एवं बदलाव की कहानी को बताया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने 'बिहार में का बा' पूछा था, जिसका जवाब दिया गया है।


पार्टी के सोशल एकाउंट से इसे एक साथ लांच किया गया है। इसमें आईआईटी, स्कूल-कॉलेज, सड़क, बिजली, पानी से लेकर आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्यों को गाने में बताया है। इसके साथ ही अच्छी सड़कें, अस्पतालों में मुफ्त मिल रही दवाई, कानून का राज, शिक्षा में हुए कार्यो का भी उल्लेख किया गया है। वहीं, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजद नेता राबड़ी देवी ने एक ट्वीट में कहा कि गोलघर, गांधी सेतु पुल, गया हवाई अड्डा और बाक़ी चीज राजग के पंद्रह बरस के राज के पहले से हैं। उन्होंने सत्तारूढ़ गठबंधन से पूछा ‘‘बिहार में 15 साल में आप लोगों ने क्या किया, यह बताएं।''

 

Ramanjot