बोचहां सीट से VIP का पत्ता साफ, BJP ने उतारा अपना कैंडिडेट....अब NDA से अलग होंगे मुकेश सहनी!

3/19/2022 10:30:26 AM

पटनाः राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख घटक भाजपा ने बिहार में मुजफ्फरपुर की बोचहां (सुरक्षित) विधानसभा सीट के उप चुनाव के लिए अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। वहीं इसके बाद इस सीट पर दावा ठोक रही विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) एवं भाजपा के बीच तल्खी और बढ़ने की संभावना प्रबल हो गई है।
                                 
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने शुक्रवार को इस सीट से पूर्व विधायक बेबी कुमारी को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, राजग गठबंधन से मंत्री मुकेश सहनी के नेतृत्व वाली वीआईपी ने इस सीट पर पहले ही अपना प्रत्याशी उतार दिया है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में बड़ा  सवाल उठना शुरू हो गया है कि क्या एक सीट पर हो रहे उपचुनाव में मंत्री मुकेश सहनी राजग से अलग हो जाएंगे। सहनी ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह इस सीट से पीछे हटने वाले नहीं है, चाहे उन्हें राजग गठबंधन से अलग ही क्यों न होना पड़ जाए। 
 
मुकेश सहनी ने बोचहां में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए इस सीट से उनकी पार्टी के विधायक रहे स्वर्गीय मुसाफिर पासवान के पुत्र को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, इस सीट पर भाजपा से बेबी कुमारी ने पहले से ही चुनाव लड़ने की घोषणा कर रखी थी। अब भाजपा ने इस सीट से बेबी कुमारी को अपना प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में भाजपा और सहनी के बीच तल्खियां और बढ़ सकती है। यह सीट वीआईपी के विधायक मुसाफिर पासवान के निधन के कारण रिक्त हुई है। इसके बाद बाद ही इस सीट के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static