सम्राट अशोक की तुलना औरंगजेब से करने पर आमने-सामने हुए BJP-JDU, बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

1/13/2022 9:22:46 PM

पटनाः सम्राट अशोक की तुलना औरंगजेब से करने पर बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख घटक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब खुलकर एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी कर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।

जदयू ने साहित्यकार दयाशंकर प्रसाद सिन्हा को भाजपा का नेता बताते हुए उनपर कार्रवाई के लिए जंग छेड़ दिया है। वहीं, भाजपा का कहना है कि सिन्हा का उनकी पार्टी से कोई मतलब नहीं है। साथ ही इस मामले को लेकर बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने सिन्हा के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में एक मामला भी दर्ज करवाया है। साहित्यकार के खिलाफ एक खास समुदाय की भावना आहत करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया गया है।

इस मुद्दे को लेकर जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने जायसवाल पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जायसवाल के दिखावटी मुकदमे को लोग समझते हैं। सीधा उनके (सिन्हा) पद्मश्री सम्मान को वापस लिए जाने की मांग करनी चाहिए।

Content Writer

Ramanjot