जहानाबाद में अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी बाइक, एक युवक की मौत, एक लापता

Saturday, Sep 07, 2024-11:30 AM (IST)

जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है जहां तेज रफ्तार बाइक  अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों में से एक की तालाब में डूबने से मौत हो गई जबकि एक अभी लापता है।

जानकारी के अनुसार, जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र के धरहरा गांव की है। मृतक की पहचान धरहरा गांव निवासी तीस वर्षीय सुनील यादव के रूप में की गई। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सुनील यादव, जितेंद्र उर्फ महबूब चौधरी बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई। जिसके कारण दोनों युवक डूब गए। तभी पीछे से आ रहा एम्बुलेंस चालक जोधी यादव दोनों को बचाने के लिए तालाब में कूद गया।

वहीं, ग्रामीणों द्वारा सुनील यादव एवं जोधी यादव को तालाब से निकाला गया और इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने सुनील यादव को मृत घोषित कर दिया। जोधी यादव का इलाज चल रहा है। जितेंद्र उर्फ महबूब चौधरी लापता है। ग्रामीणों द्वारा तालाब में खोजबीन की जा रही।

इधर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है। वहीं इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static