Bihar Police Bharti 2025: बिहार पुलिस को मिलेंगे 21,391 नए सिपाही, पटना में सीएम नीतीश बांटेंगे नियुक्ति पत्र
Friday, Jun 27, 2025-07:57 PM (IST)

पटना:बिहार के युवाओं और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 28 जून 2025 एक ऐतिहासिक दिन साबित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में पटना के बापू सभागार में कल एक विशाल समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां 21,391 नवनियुक्त सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। यह आयोजन न केवल युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर है, बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था को भी नई ऊर्जा देगा।
मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि राज्य में कानून का राज स्थापित करना और उसे मजबूत बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में बीते वर्षों में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। 24 नवंबर 2005 में जब वर्तमान सरकार सत्ता में आई थी, तब बिहार पुलिस बल की संख्या मात्र 42,481 थी। लेकिन इसके बाद से अब तक पुलिस बल की संख्या में लगातार इजाफा किया गया है।
229,000 से अधिक पदों का हुआ सृजन, साल के अंत तक होगी पूरी बहाली
सरकार ने एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया है—राज्य के स्वीकृत बल के सभी पदों को 2025 के अंत तक भर देना। इसके तहत कुल 2 लाख 29 हजार से अधिक पदों का सृजन कर पुलिस बल को मजबूत किया जा रहा है। इस विशाल भर्ती प्रक्रिया से जहां अपराध नियंत्रण में सहायता मिलेगी, वहीं ग्रामीण और शहरी इलाकों में पुलिस की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ेगी।
आम नागरिकों को मिलेगी बेहतर सुरक्षा
नवनियुक्त सिपाहियों की तैनाती से जनता की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता किया जाएगा। इससे आपराधिक घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है, और राज्य में शांति, सुरक्षा एवं विकास की प्रक्रिया को गति मिलेगी।