Aaj Ka Mausam 4 January 2026: कोल्ड डे की चपेट में पूरा बिहार! अगले पांच दिन बेहद खतरनाक, जानें पूरी डिटेल

Sunday, Jan 04, 2026-08:02 AM (IST)

Aaj Ka Mausam 4 January 2026: पटना समेत पूरे बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पिछले दो-तीन दिनों से दिन में खिली धूप और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहे तापमान से लोगों को राहत मिल रही थी, लेकिन शनिवार सुबह से हालात पूरी तरह बदल गए। सुबह घने कोहरे ने राज्य के अधिकांश हिस्सों को ढक लिया, वहीं दिनभर सर्द पछुआ हवाओं के चलते धूप के दर्शन नहीं हो सके। इसका सीधा असर तापमान पर पड़ा और दिन के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई।

Cold Day Alert: कई जिलों में अधिकतम तापमान 15°C से नीचे

मौसम में आए इस बदलाव के चलते बिहार के कई जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। सबसे ठंडा दिन मधुबनी में रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान सिर्फ 13.4°C रहा। राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 15 डिग्री से नीचे बना रहा, जिससे इस सीजन की अब तक की सबसे भीषण ठंड का अहसास लोगों को हुआ।

6 जनवरी तक भीषण ठंड का अनुमान, पूरे बिहार में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, शनिवार सुबह से ही पूरे बिहार में घना से अति-घना कोहरा छाया हुआ है। दृश्यता बेहद कम हो गई है और सर्द पछुआ हवाएं लगातार चल रही हैं। इन हालात को देखते हुए बिहार के सभी 38 जिलों में कोल्ड डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यह चेतावनी 6 जनवरी की सुबह तक प्रभावी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

6 से 9 जनवरी के बीच बदलेगा मौसम, आंशिक धूप की संभावना

पूर्वानुमान के अनुसार, 6 जनवरी (मंगलवार) से 9 जनवरी की सुबह तक मौसम में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल सकता है। इस दौरान आंशिक धूप निकलने की संभावना है और कोहरे का प्रभाव पहले की तुलना में कम रहेगा। इस अवधि में कोल्ड डे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, कुछ जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट लागू रहेगा।

पूर्वी बिहार को फिलहाल राहत, 12 जिलों में कोई चेतावनी नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्णिया, अररिया, जमुई, भागलपुर समेत पूर्वी बिहार के 12 जिलों में किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। बाकी जिलों में घने कोहरे को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 9 जनवरी से पूरे बिहार में किसी भी तरह की चेतावनी हटने की संभावना है, जिसके बाद ठंड और कोहरे से राहत मिल सकती है।

Temperature Update: इन जिलों में रहा सबसे ठंडा दिन

शनिवार को राज्यभर में कड़ाके की ठंड देखने को मिली। मोतिहारी में अधिकतम तापमान में 7.2°C, जिरादेई में 7.1°C और वाल्मीकि नगर में 7°C तक की गिरावट दर्ज की गई।

टॉप 5 सबसे ठंडे जिले (दिन का अधिकतम तापमान):

  • मधुबनी – 13.4°C
  • वाल्मीकि नगर – 14.2°C
  • अगवानपुर – 14.3°C
  • मोतिहारी – 14.4°C
  • पटना – 14.4°C

सबसे अधिक तापमान बांका और डेहरी में 20.6°C दर्ज किया गया। वहीं, रात का सबसे कम तापमान भागलपुर के सबौर में 6.4°C रहा। सबसे कम दृश्यता अररिया के फारबिसगंज में सिर्फ 50 मीटर रिकॉर्ड की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static