Bihar Weather Today: बिहार में कड़ाके की ठंड का कहर, भागलपुर में पारा 4.4°C तक लुढ़का, पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट!
Thursday, Jan 08, 2026-09:09 AM (IST)
Bihar Weather Today: बिहार में इस विंटर सीजन की सबसे तीखी सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। हिमालयी क्षेत्रों में जारी बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों तक पहुंच गया है, जिससे ठंडी पछुआ हवाएं राज्य को कंपा रही हैं। IMD पटना ने राज्य के सभी जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों में कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
भागलपुर सबसे ठंडा, सबौर में सीजन का सबसे कम तापमान 4.4°C
मौसम विभाग के लेटेस्ट डेटा के अनुसार, भागलपुर का सबौर इस सीजन का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 4.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। शेखपुरा में 5.2°C, किशनगंज में 5.8°C और गया में 6°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। छपरा और अन्य जिलों में भी तापमान 7 डिग्री के आसपास रहा। सुबह के समय घना कोहरा छाने से विजिबिलिटी जीरो के करीब पहुंच गई, जिससे सड़कें और हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
पश्चिमी विक्षोभ का असर: 3-4 दिन तक नहीं मिलेगी राहत
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं बिहार तक आ रही हैं। न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। अगले तीन-चार दिनों तक ठंड से किसी तरह की राहत की उम्मीद नहीं है। धूप निकलने के बावजूद कनकनी बनी रहेगी और दिन में भी ठिठुरन महसूस होगी।
राज्य के कई हिस्सों में 20 से 30 किमी/घंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चलने की संभावना है। खुले मैदान, खेत और हाईवे पर ठंड का असर सबसे ज्यादा होगा। IMD ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को घर से बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है – गरम कपड़े पहनें और अनावश्यक यात्रा टालें।
पटना में भी कोहरा और कोल्ड डे जैसे हालात
राजधानी पटना में सुबह-शाम घना कोहरा छाने का सिलसिला जारी है। दिन का तापमान ज्यादा नहीं बढ़ेगा और 20-25 किमी/घंटा की ठंडी हवाओं से दिन में भी कंपकंपी छूट रही है। कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, मकर संक्रांति तक कोहरा और शीत दिवस का दौर चल सकता है।
बिहारवासी सावधानी बरतें, क्योंकि ठंड जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रही है। अलाव और गरम कपड़ों का सहारा लें!

