सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस ने जमाई धाक, फेसबुक पर हुए 1 मिलियन फॉलोवर्स
Thursday, Feb 27, 2025-12:29 PM (IST)

Bihar Police:सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही हैं। राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए और प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने के लिए बिहार पुलिस लगातार प्रयासरत है। अपराध के विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति के कारण बिहार पुलिस पर आमलोगों क विश्वास बढ़ रहा है। वहीं आम जनता के बीच बिहार पुलिस की विश्वसनीयता के फलस्वरूप फेसबुक पर 1 मिलियन फॉलोवर्स हो गए हैं। जिस कारण फॉलोवर्स के मामले में बिहार पुलिस देशभर में दूसरे स्थान पर आ गई है।
प्रथम स्थान पर केरला पुलिस
बिहार पुलिस का फेसबुक पेज अब 10 लाख लोगों का परिवार बन गया है। बिहार पुलिस फेसबुक पर फॉलोवर्स के मामले में देश भर में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है, जबकि प्रथम स्थान पर केरला पुलिस है। वहीं सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफ़ॉर्म पर कुल फॉलोवर्स की संख्या के मामले में बिहार पुलिस अब चौथे नंबर पर पहुंच चुकी है। कुल फॉलोवर्स के मामले में बिहार पुलिस से आगे उत्तर प्रदेश, केरला और महाराष्ट्र पुलिस है।
बिहार पुलिस अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली से लोगों का विश्वास जीतने में सफल हो रही है। बिहार पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर फ्रॉड के बारे में आम लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है, ताकि कोई भी साइबर धोखाधड़ी का शिकार न हो। बिहार पुलिस की तरफ से लोगों में जागरूकता फैलाई जा रही है कि डिजिटल अरेस्टिंग जैसा कुछ होता नहीं है, यह साइबर अपराधियों ने लोगों को ठगने का नया धंधा बना लिया है। लोग इन सब बातों में न फंसे।