संजय जायसवाल का आरोप- देशद्रोही गतिविधियों का चारागाह बन गया है बिहार

Friday, Sep 09, 2022-12:05 PM (IST)

समस्तीपुरः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डा.संजय जायसवाल ने आरोप लगाया है कि बिहार देशद्रोही गतिविधियों का चारागाह बन गया है। जायसवाल गुरुवार को यहां भाजपा नेता रधुवीर स्वर्णकार की हत्या के विरोध में आयोजित प्रतिरोध मार्च सह धरना कार्यक्रम के अवसर पर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि देश में कही भी आतंकी घटनाएं होती है उसका लिंक बिहार से जुड़ जाता है।

भाजपा नेता ने कहा कि पीएफआई जैसे संगठनों का केंद्र बिहार और बंगाल बन गया है। बिहार के कई जिलों में पीएफआई को लेकर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा छापेमारी की जा रही है। प्रदेश के कई बड़े अधिकारियों और पीएफआई गठजोड़ का नतीजा है कि बिहार आज देशद्रोहियों का अड्डा बन गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देश को 2047 में एक इस्लामिक राष्ट्र की रचना करने की साजिश रची जा रही है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रहते यह संभव नहीं है।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महासचिव सुशील कुमार चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शशिकांत आनंद, भाजपा विधान पार्षद तरूण कुमार एवं भाजपा जिलाध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा भी उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static