पूर्णिया सीमेन स्टेशन को "ए ग्रेड" मिलने पर बिहार को मिला सम्मान, डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने प्राप्त किया प्रमाण- पत्र और स्मृति चिन्ह

Friday, Sep 13, 2024-04:56 PM (IST)

पटनाः केन्द्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी तथा पंचायती राज के मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की अध्यक्षता में पशुपालन एवं डेयरी में प्रभावी कार्यान्वयन हेतु केन्द्र, राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों के बीच संवाद हेतु ओडिसा के भुवनेश्वर में लोक सेवा भवन के कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय 'मानसून बैठक' का शुभारंभ दिनांक 13 सितंबर, 2024 को किया गया।

कार्यक्रम में पूर्णिया सीमेन स्टेशन को भारत सरकार द्वारा "ए ग्रेड सीमेन स्टेशन" के रूप में वर्गीकृत किए जाने पर पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, बिहार की प्रधान सचिव, डॉ. एन. विजयलक्ष्मी को सम्मान स्वरूप प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह मंत्री राजीव रंजन सिंह एवं ओडिसा के मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, बिहार की माननीय मंत्री, रेणु देवी भी उपस्थित थीं।

PunjabKesari

पूर्णिया सीमेन स्टेशन राज्य का पहला आधुनिक सीमेन उत्पादन केन्द्र है जिसमें अत्यधिक आधुनिक सांढ़ शेड, सीमेन प्रसंस्करण प्रयोगशाला, गुणवत्ता नियंत्रण विभाग और चारा उत्पादन इकाईयां हैं। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एन.डी.डी.बी.) की सहायता से पूर्णिया में सीमेन स्टेशन की स्थापना की गई थी और इसे रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया था। वर्तमान में इसका संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है। अब यह 'ए श्रेणी' का सीमेन स्टेशन है।

PunjabKesari

'मानसून बैठक' का उद्देश्य केन्द्र, राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की अपेक्षाओं को सामने लाना है जिससे जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्यक्रम कार्यान्वयन के लिए एक अभिसरण रूपरेखा तैयार किया जा सके। योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर परिणामों और सुधारों पर चर्चा की जा सके। राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के पशुपालन मंत्री संबंधित अधिकारियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static