बिहार में बाढ़ से 16 जिलों की 83.62 लाख आबादी प्रभावित, अब तक 27 लोगों की मौत

8/23/2020 4:46:31 PM

पटनाः बिहार में बाढ़ से अबतक 16 जिलों की 8362451 आबादी प्रभावित हुई है। इसके साथ ही अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है।

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, 16 जिलों सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, खगड़िया, सारण, समस्तीपुर, सिवान, मधुबनी, मधेपुरा एवं सहरसा जिले के 130 प्रखंडों की 1333 पंचायतों की 8362451 आबादी बाढ़ से प्रभावित है। यहां से खाली कराए गए 550792 लोगों में 5186 व्यक्ति छह राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। बाढ़ के कारण विस्थापित लोगों को भोजन कराने के लिए 269 सामूदायिक रसोई की व्यवस्था की गई है जहां 209728 लोगों को भोजन कराया गया है।

दरभंगा जिले में सबसे अधिक 15 प्रखंडों के 227 पंचायतों की 2082005 आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। बिहार के बाढ़ प्रभावित इन जिलों में बचाव और राहत कार्य चलाए जाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 26 टीमों की तैनाती की गई है। बिहार के इन जिलों में बाढ़ का कारण अधवारा समूह नदी, लखनदेई, रातो, मरहा, मनुसमारा, बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान, गंडक, बूढ़ी गंडक, कदाने, नून, वाया, सिकरहना, लालबेकिया, तिलावे, धनौती, मसान, कोशी, गंगा, कमला बलान, करेह एवं धौंस नदियों के जलस्तर में वृद्धि हुई है।

जल संसाधन विभाग के मुताबिक, बागमती नदी सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर एवं दरभंगा में, बूढी गंडक नदी समस्तीपुर एवं खगड़िया में, गंगा नदी पटना एवं भागलपुर में, खिरोई दरभंगा में और घाघरा नदी सिवान में सोमवार को खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बिहार में बाढ़ से अबतक कुल 27 लोगों दरभंगा जिले में सबसे अधिक ग्यारह लोगों, मुजफ्फरपुर में छह, पश्चिम चंपारण में चार तथा खगड़िया, सारण एवं सिवान में दो-दो व्यक्ति और 88 मवेशी की अबतक मौत हो चुकी है ।

Ramanjot