नीतीश बोले- नए कानून से एक क्षेत्र विशेष के लोगों में है समस्या, बिहार के किसान पूरी तरह संतुष्ट

7/20/2021 2:12:12 PM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमा पर चल रहे आंदोलन को एक क्षेत्र विशेष के किसानों की समस्या बताया और कहा कि बिहार में इस नए कानून से कोई परेशानी नहीं है और यहां के कृषक पूरी तरह संतुष्ट है।

नीतीश कुमार ने सोमवार को जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में किसानों के जारी आंदोलन के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि यह समस्या कुछ राज्य विशेष की है, जहां सबसे पहले अधिप्राप्ति काम शुरू हुआ था। वहां उत्पादकता भी बढ़ी थी और किसानों से अनाज भी खरीदा जाता था। उन सब इलाकों में नए कानून को लेकर विरोध हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में इस नए कानून से कोई परेशानी नहीं है और यहां के किसान पूरी तरह संतुष्ट है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर केंद्र सरकार और किसानों के बीच कई बार बातचीत हुई है और आगे भी वार्ता होगी। सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है लेकिन कोरोना के इस दौर में निरंतर आंदोलन करना ठीक बात नहीं है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार की नीति है जो किसी के खिलाफ नहीं है लेकिन फिर भी लोगों के मन कई तरह की भावना है। उनके साथ फिर से बातचीत करके समाधान निकाला जाना चाहिए।

Content Writer

Ramanjot