बिहार दिवस 2023: न्यूयॉर्क में मना राज्य की समृद्ध संस्कृति और समुदाय के योगदान का जश्न

3/23/2023 10:36:19 AM

न्यूयॉर्क/पटनाः बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राज्य के निवासियों के योगदान व उपलब्धि का जश्न यहां स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास में मनाया गया। बिहार फाउंडेशन ऑफ यूएसए (पूर्वी तट) ने ‘बिहार दिवस' कार्यक्रम की मंगलवार को मेजबानी की और इस दौरान यहां जुटे भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोगों ने अपने घरों की याद को ताजा किया।

नीतीश कुमार द्वारा विशेष वीडियो संदेश किया गया प्रसारित 
वहीं इस विशेष मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विशेष वीडियो संदेश प्रसारित किया गया। उन्होंने अपने संदेश में कहा, ‘‘हमें गर्व है कि हमारा जीवंत और सक्रिय समुदाय बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उपलब्धियों को बिहार दिवस के उत्सव के दौरान इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा कर रहा है। उन्होंने राज्य की विरासत और पंरपरा को अमेरिका में प्रोत्साहित करने और स्वयंसेवी व धमार्थ कार्यों में विस्तृत योगदान के लिए बिहार फाउंडेशन ऑफ यूएसए की कोशिशों की प्रशंसा की। न्यूयॉर्क में भारत के वाणिज्यदूत रंधीर जायसवाल ने अमेरिका में राज्य के मूल लोगों के योगदान और धमार्थ गतिविधियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अपने गृह राज्य की बेहतरी के लिए कार्य करने की प्रतिबद्धता और उत्सुकता जिसका लक्ष्य बिहार-2.0 है वर्ष 2023 में प्राप्त होगी। 

अमेरिका में रह रहे लोगों ने की अपने घर और बचपन की याद ताजा
बता दें कि इस मौके पर ‘लिट्टी चोखा' जैसे पांरपरिक व्यंजनों को परोसा गया और ‘झिझिया' गीत और नृत्य का आयोजन किया गया। स्थानीयों बोलियों के बीच अमेरिका में रह रहे लोगों ने अपने घर और बचपन की याद ताजा की। बिहार फाउंडेशन ऑफ यूएस (पूर्वी तट अध्याय) के अध्यक्ष और फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य सदस्यों के बीच सेतु का काम करना और मार्गदर्शन करना है जो अपने राज्य का विकास और सामाजिक परियोजनाओं में भूमिका निभाना चाहते हैं। 

Content Editor

Swati Sharma