8 फरवरी को बिहार की इस अदालत में हाजिर होंगी फिल्म निर्माता एकता कपूर, समन जारी

2/2/2021 1:52:06 PM

 

बेगूसरायः फिल्म निर्माता एकता कपूर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उनके खिलाफ बिहार की एक कोर्ट ने समन जारी कर दिया है। उन्हें 8 फरवरी को बेगूसराय की एक कोर्ट में हाजिर होना पड़ेगा। दरअसल, फिल्म निर्माता पर भारतीय सेना के जवानों और उनकी पत्नी पर आपत्तिजनक सीरीज बनाने का आरोप है।

बेगूसराय की अदालत के न्यायधीश राजीव कुमार ने बरौनी थाना के सिमरिया आदर्श ग्राम निवासी भूतपूर्व सैनिक परिवादी शंभु कुमार की ओर से दाखिल परिवाद पत्र संख्या 524 (सी)/ 2020 पर सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने थ्री एक्स सीरीज सीजन 2 की प्रोड्यूसर एकता कपूर और शोभा कपूर पर गंभीर धाराओं में संज्ञान लेते हुए कोर्ट में उपस्थित होने का आदेश जारी किया है।

बता दें कि परिवादी शंभू कुमार ने बालाजी फिल्म प्रोड्यूसर एकता कपूर और शोभा कपूर पर आरोप लगाया है कि उसने अपने 3X सीजन 2 सीरीज में भारतीय सेना के कार्यरत सैनिक और उनकी पत्नी के चरित्र पर गलत ढंग से कहानी को फिल्माया है, जिससे परिवादी सहित अन्य भूतपूर्व सैनिक को काफी अपमान का सामना करना पड़ा है।
 

Nitika