एक दिन में सर्वाधिक टीकाकरण करने वाला देश का पहला राज्य बना बिहार, सरकार ने किया दावा

6/18/2021 12:30:24 PM

पटनाः बिहार के स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि बिहार एक दिन में सर्वाधिक टीकाकरण करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। राज्य में 24 घंटे के दौरान 6 लाख 62 हजार 507 लोगों का टीकाकरण कर रिकॉर्ड बनाया बनाया गया है।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने गुरुवार को दावा किया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में रिकार्ड 662507 लोगों का टीकाकरण किया गया। पांडेय ने बिहार में केंद्र सरकार द्वारा टीके की आपूर्ति बढ़ाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण तेज गति से कर रहा है। उन्होंने कहा है कि बिहार जहां संक्रमण दर में देश में सबसे नीचे है, वहीं एक दिन में सर्वाधिक टीकाकरण करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 24 घंटे में 45 से 59 वर्ष के 76 हजार 13 लोगों को पहली डोज एवं 8 हजार 734 लोगों को दूसरी डोज, 60 वर्ष से ऊपर के 11 हजार 274 लोगों को पहली डोज एवं 2 हजार 825 लोगों को दूसरी डोज, 18 से 45 वर्ष के 5 लाख 51 हजार 703 लोगों को प्रथम खुराक एवं 10 हजार 607 लोगों को दूसरी खुराक दी गई है। 

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में कोविड 19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 3803 है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के सभी प्राथमिक और अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों पर सर्पदंश व एंटी रेबीज की दवाएं और स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता को लेकर सिविल सर्जन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

Content Writer

Ramanjot