बिहार में फिर चली ''तबादला एक्सप्रेस'', चार IPS समेत 6 अधिकारियों का ट्रांसफर; देखें लिस्ट
Wednesday, Mar 18, 2026-03:20 PM (IST)
पटना : बिहार सरकार ने राज्य की कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की है। गृह विभाग की अधिसूचना के मुताबिक, इस फेरबदल में लखीसराय और नवगछिया जैसे महत्वपूर्ण जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) बदल दिए गए हैं।
गृह विभाग की अधिसूचना के मुताबिक, नवगछिया की एसपी रहीं प्रेरणा कुमार को अब लखीसराय का नया एसपी बनाया गया है। मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के एसपी राजेश कुमार को अब नवगछिया का नया एसपी नियुक्त किया गया है। लखीसराय के एसपी रहे अवधेश दीक्षित को अब बिहार पुलिस मुख्यालय में एसपी कार्मिक-1 के पद पर तैनात किया गया है। वहीं,अजय कुमार पांडेय को मद्य निषेध एवं एएनटीएफ का डीआईजी बनाया गया है। वह वर्तमान में पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीआईजी पद पर तैनात हैं। इन बदलावों से विभागीय कामकाज में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिलों के साथ-साथ अनुमंडल स्तर पर भी फेरबदल किया गया है। कटिहार में साइबर अपराध डीएसपी के पद पर तैनात रामकृष्णा को अब बाढ़ का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 (SDPO) बनाया गया है। बाढ़ के एसडीपीओ पद पर कार्यरत आनंद कुमार सिंह को अब पटना उच्च न्यायालय सुरक्षा का डीएसपी बनाया गया है।

