भागलपुर पुल हादसाः मंत्री विजय चौधरी बोले- BJP के आरोप सरासर गलत, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

6/6/2023 6:04:58 PM

पटनाः भागलपुर पुल हादसे के बाद भाजपा लगातार राज्य सरकार को घेरने में लगी हुई है। इसपर बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि भाजपा वाले जो आरोप लगा रहे हैं वो सरासर गलत है। इससे अधिक संवेदनशील सरकार क्या हो सकती है। जब इस मामले की जानकारी लगी तो उसी दिन हमारे उपमुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री ने सचिव के साथ मिलकर सारी बातों की जानकारी दी।

विजय चौधरी ने कहा कि पुल पहले से ही कमजोर था, जैसा की जांच में ही आया था। पहले भी दुर्घटना हुई थी और दो-चार जो पिलर्स थे उसको विभाग ने ही तोड़ा था। उसमें सही मजबूती नहीं दिया गया था। सरकार ने साफ कर दिया है कि जो भी इस घटना के दोषी होंगे उनपर एक्शन लिया जाएगा। 

बता दें कि भागलपुर में निर्माणाधीन पुल ढहने के बाद से बिहार की राजनीति गर्म है। इस मुद्दे पर विपक्ष भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए लगातार सरकार का घेराव कर रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के सड़क निर्माण विभाग के पूर्व मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सच्चाई छिपा रहे हैं...वह तथ्यों का खुलासा नहीं कर रहे हैं। जब पुल का निरीक्षण करने वाले विशेषज्ञों ने पहले ही सरकार को सूचित कर दिया था कि गंभीर संरचनात्मक दोष थे, तो सरकार ने निर्माण कार्य जारी रखने की अनुमति क्यों दी? विभाग को इसे तुरंत रोकना चाहिए था।  


 

Content Writer

Ramanjot