बेगूसराय के 2 साल के मासूम का स्वीडन में होगा पालन-पोषण, विदेशी दंपती ने धर्मराज को लिया गोद

1/8/2023 4:21:26 PM

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में एक अनाथालय के बच्चे की परवरिश सात समंदर पार स्वीडन में एक अच्छे माहौल में होगी। दरअसल, अनाथालय में रह रहे 2 वर्षीय नन्हे धर्मराज को अब स्वीडन निवासी दंपती गोद लेकर उसका पालन-पोषण करेंगे। वहीं यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन तरीके से सम्पन्न हुई।



धर्मराज सहित 4 बच्चों को लिया गया गोद
जानकारी के अनुसार,  नए साल में बेगूसराय के विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान के 2 साल के बच्चे को विदेशी दंपति ने गोद लिया है। इसके साथ ही 3 बच्चों को अन्य दंपतियों ने गोद लिया है। यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन के माध्यम से सम्पन्न हुई। बताया जा रहा है कि स्वीडन के दंपती धर्मराज को गोद लेने के लिए बेगूसराय पहुंचे, जहां बीते शनिवार को डीएम रोशन कुशवाहा के सामने बच्चों को गोद लिया है। जनवरी महीने में गोद लेने वालों में 2 दंपती पटना, एक दंपती आंध्र प्रदेश और एक दंपती स्वीडन से बेगूसराय पहुंचे। 2 वर्षीय धर्मराज को विदेशी दंपती संजय डेनियल व चित्रा संजय डेनियल ने गोद लिया है। जिला समाहरणालय परिसर में संजय डेनियल व चित्रा संजय डेनियल द्वारा धर्मराज को गोद लेने की बात सुनकर काफी लोग जुट गए थे।



बच्चे को गोद में लेकर विदेशी दंपती हुए बेहद खुश
वहीं 2 साल के मासूम से बच्चे को गोद में लेकर लेने के बाद विदेशी दंपती काफी खुश नजर आए। डीएम रोशन कुशवाहा ने बताया कि गोद लेने की प्रक्रिया को सरकार ने काफी सरल कर दिया है। विभाग के वेबसाइट पर ऑनलाइन प्रक्रिया कर बच्चों की अच्छी परवरिश के लिए गोद दिया जाता है। गोद देने के बाद भी प्रशासनिक स्तर से लगातार बच्चों की मॉनिटरिंग की जाती है। जिससे यह पता चल सके कि बच्चों की परवरिश सही से हो रही है या नहीं। धर्मराज को गोद लेने के बाद विदेशी जोड़ा भी काफी खुश नजर आ रहा है।

Content Editor

Swati Sharma