रोहतास में BDO के पिता ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, पिछले कुछ महीनों से थे बीमार

12/21/2021 4:38:21 PM

रोहतासः बिहार के रोहतास जिले में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के 65 वर्षीय किसान पिता ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है अपना बीमारी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया है। वहीं इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के करगहर थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में हुई। बताया जा रहा है कि शंकर दयाल सिंह पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे और रांची से उनका इलाज चल रहा था। अपनी बीमारी के कारण वह अकसर तनाव में रहते थे। इसी की चलते उन्होंने अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। सिर में गोली लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक शंकर दयाल सिंह बक्सर जिला के सेमरी प्रखंड के बीडीओ अजय सिंह के पिता थे। उनके तीन पुत्र हैं, जिनमें एक पुत्र बीडीओ, दूसरे पुत्र अभय सिंह वैज्ञानिक तो तीसरे अशोक सिंह गांव में रहते हैं।

Content Writer

Ramanjot