शादी में फोटो खींचने के विवाद पर बारातियों में मारपीट, बिना दुल्हन के लौटी बारात, फिर पुलिस ने किया ये काम

12/7/2022 12:56:10 PM

सीतामढ़ीः शादी समारोह के दौरान फोटो खींचना आम बात होती है, लेकिन अगर इसी बात को लेकर किसी लड़की की शादी टूट जाए तो यह बड़ी बात बन जाती है। ऐसी ही कुछ बिहार के सीतामढ़ी जिले में देखने को मिला है, जहां पर वरमाला के दौरान फोटो खींचने को लेकर हुए विवाद में शादी टूट गई और बारात बिना दुल्हन के लौट गई।

फोटो खींचने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के नगर थाना क्षेत्र के भासर का है। बताया जा रहा है कि भासर मछहां गांव के प्रमोद सिंह की बेटी चांदनी की शादी घोघराहा के प्रकाश महतो के बेटे गुड्डू कुमार से तय हुई थी। सहियारा थाना क्षेत्र के घोघराहा से आई बरात तय समय पर पहुंची थी। जयमाल का कार्य़क्रम हो रहा था। सभी घराती और बाराती वर वधू को अपना आशीर्वाद दे रहे थे। इसी बीच वरमाला स्टेज पर फोटो खींचने के दौरान दुल्हन और दूल्हे पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश भी की गई, लेकिन बात नहीं बनी।इसके बाद गुस्से में आकर दूल्हा बिना दुल्हन के बारात लेकर वापिस लौट गया।

पुलिस ने करवाई दोनों की शादी 
वहीं बीते मंगलवार को इस मामले की शिकायत लेकर लड़के और लड़की के परिजन थाने पहुंचे। इसके बाद नगर थाने की पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर थाना परिसर के शिव मंदिर में शादी करा दी। पूरे विधि-विधान से शादी कराने के बाद नव दंपती को शुभकामना देते हुए विदा किया गया।

Content Editor

Swati Sharma