Bankipur By-Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी, प्रशांत किशोर समेत 26 उम्मीदवार मैदान में
Thursday, Jul 30, 2026-10:20 AM (IST)
Bankipur By-Election: बिहार में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। इस चुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर समेत 26 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने के लिए करीब 3.80 लाख मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं।
प्रशांत किशोर इस चुनाव के जरिए चुनावी राजनीति में पदार्पण कर रहे हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा। मतगणना तीन अगस्त को होगी। कुछ साल पहले जन सुराज पार्टी की स्थापना करने वाले पूर्व चुनावी रणनीतिकार किशोर के मैदान में उतरने से इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। यह निर्वाचन क्षेत्र लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का गढ़ रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद यह सीट खाली कर दी थी। नवीन ने पिछले साल नवंबर में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी रेखा गुप्ता को 50,000 से अधिक मतों से हराकर लगातार पांचवीं बार यह विधानसभा सीट जीती थी। भाजपा ने अपनी युवा इकाई के नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा 1995 से यह सीट हारी नहीं है। उस समय इस निर्वाचन क्षेत्र को पटना पश्चिम के नाम से जाना जाता था। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, निर्वाचन क्षेत्र के सभी 422 मतदान केंद्र शहरी इलाकों में स्थित हैं।

