घर में क्या करती है पत्नी…? जासूसी के लिए पति ने चुराया CCTV,  बेडरूम में लगाने से पहले हो गया बड़ा कांड

Monday, Mar 16, 2026-02:33 PM (IST)

Bihar News : बिहार के बांका जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। उसे लगता था कि उसकी पत्नी छुपकर किसी और से फोन पर बातें करती है। इसी बात की सच्चाई जानने के लिए उसने एक योजना बनाई। पति ने पत्नी की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए एक घर से सीसीटीवी कैमरा चुरा लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत 10 मार्च को हुई, जब गोपालपुर गांव के निवासी मृत्युंजय शर्मा के घर से अचानक एक सीसीटीवी कैमरा गायब हो गया। कैमरा चोरी होने के बाद मृत्युंजय ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। उन्होंने आस-पास के लोगों से इस बारे में जानकारी दी। इसी बीच आरोपी पवन कुमार, जो छोटी जानकीपुर गांव का रहने वाला है, चोरी किए गए कैमरे को रिपेयर कराने के लिए एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर पहुँचा, जहाँ से मामले का खुलासा हुआ।

कैमरा रिपेयर करने आए पवन कुमार की हरकतों को देखकर दुकानदार को शक हो गया। दुकानदार ने चतुराई दिखाते हुए कैमरे की फोटो खींच ली और मृत्युंजय शर्मा को भेज दी। मृत्युंजय ने तुरंत अपने कैमरे की पहचान कर ली और पुलिस को सूचित किया। अमरपुर थाना अध्यक्ष राकेश कुमार के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गोला चौक के पास से पवन कुमार को चोरी के कैमरे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना चोरी का अपराध कबूल कर लिया है। उसने बताया कि शक के कारण ही उसने चोरी की इस घटना को अंजाम दिया था। बताया जा रहा है कि पवन कुमार पर पहले भी बाइक चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है और फिलहाल बेल पर बाहर था। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static