Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में बैंक कर्मचारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत का माहौल

10/8/2023 2:54:04 PM

मुजफ्फरपुर: बिहार में अपराधियों के हौसले बढ़ते ही जा रहे हैं। वह आए-दिन हत्या, लूटपाट जैसी बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले से सामने आया है, जहां पर शनिवार को अपराधियों ने एक निजी बैंककर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी।

बैंक कर्मचारी की दिन दहाड़े हत्या
जानकारी के मुताबिक, घटना मनियारी थाना क्षेत्र के रामपुर काशी चौक के निकट अनबरा पुल के पास की है। मृतक की पहचान बरियारपुर के राजेंद्र साह के बेटे राहुल कुमार सोनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राहुल मूल रूप से बरियारपुर बाजार का निवासी था और अतरदह में किराए पर रहता था। हर शनिवार को वह गांव लौट आता था। वहीं, शनिवार शाम को भी राहुल कुमार अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अपराधियों ने राहुल को गोली मार दी। बदमाशों ने पीठ में गोली मारी। वहीं, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई कुंदन कुमार ने किसी से कोई दुश्मनी नहीं होने की बात कही है।

जांच में जुटी पुलिस
इधर, लोगों का कहना है कि बाइक सवार अपराधी राहुल का पीछा कर रहे थे। राहुल भी तेजी से अपनी बाइक भगा रहा था। इसी क्रम में अपराधियों ने पीछे से उसकी पीठ में गोली मार दी। बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में मनियारी थानेदार उमाकांत सिंह ने बताया कि गोली मारकर युवक की हत्या की गई है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। कारणों की जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।  इस वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

Content Editor

Swati Sharma