नेपाल भागने के क्रम में बाहुबली पूर्व विधायक राजन तिवारी गिरफ्तार, 25 हजार का रखा गया था इनाम

8/18/2022 2:39:37 PM

मोतिहारीः बाहुबली पूर्व विधायक राजन तिवारी नेपाल भागने के क्रम में नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार हुए हैं। हरैया थानाध्यक्ष ने उन्हें गिरफ्तार किया है। राजन तिवारी पर 25 हजार इनाम रखा गया था। वह पिछले 17 साल से फरार चल रहे थे। 

पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर कैंट और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने तिवारी को रक्सौल से गिरफ्तार किया। तिवारी की 1998 में पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी से संबंधित एक मामले में तलाश थी। तिवारी पर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा गैंगस्टर अधिनियम में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया, "प्रारंभिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तिवारी को उत्तर प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया गया। हम बिहार में तिवारी के खिलाफ दर्ज मामलों की भी जानकारी जुटा रहे हैं।'' बता दें कि राजन तिवारी पूर्वी चंपारण की गोविंदगंज विधानसभा सीट से विधायक थे। दिसम्बर 2005 में यूपी कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। यूपी के डॉन प्रकाश शुक्ला और राजन तिवारी के साथ चार अपराधियों पर गोरखपुर के कैंट थाना में 15 मई 1998 को गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static