बाबा साहेब ने राष्ट्र के सभी वर्गों को न्याय दिलाने का काम कियाः नित्यानंद राय

8/19/2021 11:58:49 AM

समस्तीपुरः केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर ने देश के संविधान का निर्माण कर राष्ट्र के सभी वर्गों को न्याय दिलाने का काम किया है, जिसे सदैव याद रखा जाएगा।

नित्यानंद राय ने बुधवार को समस्तीपुर जिले के पटोरी अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अम्बेडकर जी ने सकारात्मक सोच के साथ लोकतंत्र की मजबूती के लिए जो काम किया उससे देश को मजबूती मिली है। अम्बेडकर जी ने संविधान का निर्माण कर राष्ट्र के सभी वर्गों को न्याय दिलाने का काम किया है जिसे सदैव याद रखा जायेगा।

केंद्रीय मंत्री ने लोगों से बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने और उनकी सोच को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया। इस मौके पर भाजपा विधायक राजेश कुमार सिंह एवं पूर्व जिला पार्षद सह कार्यक्रम के संयोजक संजय राम ने भी अम्बेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के विचारों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए समस्तीपुर जिले के पटोरी मे सांसद निधि कोष से अम्बेडकर पुस्तकालय खोले जाने जाएंगे।

Content Writer

Ramanjot