Chandrayaan-3 की सफल लैंडिंग में सहरसा के आयुष का रहा बड़ा योगदान, पूर्व विधायक ने घर पहुंचकर दी बधाई

8/24/2023 5:30:54 PM

सहरसा: चन्द्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग के बाद पूरे भारत मे जश्न का माहौल है। वहीं इस सफल परीक्षण में सहरसा जिले के कहरा गांव निवासी ललन कुमार झा के पुत्र वैज्ञानिक आयुष झा का भी योगदान रहा। चन्द्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद इसरो टीम में शामिल वैज्ञानिक आयुष झा के पूरे परिवार सहित गांववालों में खुशी का माहौल है। 



पूरे परिवार में उत्साह का माहौल
इसरो वैज्ञानिक आयुष के घर उनके माता पिता को बधाई देने वाले लोगों का तांता लगा हुआ हैं। वहीं पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने वैज्ञानिक आयुष के घर पहुंचकर उनके माता पिता को मिथिला के परंपरा के अनुसार पाग चादर पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही मिठाई खिलाकर बधाई और शुभकामनाएं दी। इसरो वैज्ञानिक आयुष के पिता और मां सहित पूरे परिवार में उत्साह का माहौल है। आयुष के पिता ललन कुमार झा एक रिटायर्ड शिक्षक हैं। जबकि मां विनीता झा गृहणी हैं।



हम बहुत खुश हैंः आयुष झा की मां
आयुष के पिता का कहना है कि आयुष शुरू से ही बहुत मेहनती था और देश के लिए कुछ अलग करने की सोच रखता था। आयुष शुरुआती पढ़ाई नवोदय विद्यालय से किया और कड़ी मेहनत के बाद वैज्ञानिक बना। चन्द्रयान-2 के परीक्षण में भी आयुष की भूमिका रही थी, लेकिन इस बार चन्द्रयान- 3 के सफल होने पर काफी खुशी का माहौल है। आयुष झा की मां बिनीता झा ने कहा कि हम बहुत खुश हैं, बहुत संघर्ष से हम अपने बच्चे को पढ़ाएं हैं। बता दें कि आयुष अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र अहमदाबाद और बेंगलुरु केंद्र में  सिस्टम डिजाइन और पेलोड डेवलपमेंट वैज्ञानिक हैं। 

Content Editor

Swati Sharma