"मैं इस्तीफा नहीं दूंगा, कानून के अनुसार काम करुंगा"...अविश्वास प्रस्ताव पर बोले विधानसभा स्पीकर अवध बिहारी चौधरी

2/7/2024 4:51:07 PM

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस के बावजूद बिहार विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी काफी सक्रिय दिख रहे हैं। उन्होंने आज वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई है। बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि मैं अपने पद से इस्तीफा नहीं दूंगा। इसको लेकर जो नियम है उसका पालन करना होगा। 

कानून जो कहेगा उसके अनुसार काम करुंगा- विधानसभा अध्यक्ष
बिहार विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने कहा कि जो आवश्कता होगी और कानून जो कहेगा उसके अनुसार काम करुंगा। इसके आगे उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा संचालन की जो नियमावली बनी हुई है। उससे 1 इंच ना दाहिने ना बाएं उसी के अनुसार में काम करूंगा। अध्यक्ष ने कहा कि देश में संविधान है और संविधान में जो अनुच्छेद है उसके तहत काम करेंगे। मैं इस्तीफा नहीं दूंगा, मुझे आज पता चला है कि मेरे ऊपर अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। हम नियम से बंधे हैं और नियम के अनुसार काम करेंगे। हमारा फैसला विधायक लोग करेंगे।  12 तारीख को हम विधानसभा आएंगे, नियम संगत कार्य होगा। 

भाजपा ने विधानसभा सचिव को दिया अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस
गौरतलब है कि विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नंदकिशोर यादव ने अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस विधानसभा सचिव को दिया। नोटिस में कहा गया है कि नई सरकार के सत्ता में आने के बाद वर्तमान अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी पर इस सभा का विश्वास नहीं रह गया है। नोटिस पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) से, पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद (भाजपा), जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विनय कुमार चौधरी, रत्नेश सदा समेत कई और विधायकों के भी हस्ताक्षर हैं। सत्ता पक्ष को 128 तो विपक्षी महागठबंधन को 114 विधायकों का समर्थन हासिल है। एआईएमआईएम के विधायक अख्तरुल ईमान किसी गठबंधन के साथ नहीं हैं। सभाध्यक्ष श्री चौधरी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static