अश्विनी चौबे का नीतीश कुमार पर हमला, कहा- बिहार सरकार पैरालिसिस से पीड़ित

11/23/2023 8:25:14 AM

 

भागलपुरः केन्द्रीय वन पर्यावरण एवं खाद्य आपूर्ति राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनकी सरकार पैरालिसिस से पीड़ित हो गई है।

अश्विनी चौबे ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि नीतीश सरकार गूंगी, बहरी और लंगड़ी-सी हो गई है। जिससे प्रदेश में अपराधियों का बोलबाला हो गया है और आमलोग त्राहिमाम कर रहे हैं। प्रदेश में एक तरफ जहां जहरीली शराब पीने से सीतामढ़ी में कई लोगों की मौत हो गई तो वहीं दूसरी ओर लखीसराय में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक ही परिवार के कई सदस्यों को गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया। दोनों घटनाओं से प्रदेश की कानून व्यवस्था को ध्वस्त हो गई है।

केन्द्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों से सामना करने में नीतीश कुमार की सरकार नाकाम साबित हो रही है और उनसे अब बिहार नहीं संभल रहा है। ऐसे में नीतीश कुमार को गद्दी छोड़ देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा में नीतीश कुमार ने अभद्र वाणी से महिलाओं और एक महादलित जनप्रतिनिधि के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के चलते दुनिया भर में बिहार प्रदेश की छवि धूमिल हुई है। प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आगामी 2024 और 2025 के चुनावों में अवश्य सबक सिखाएगी। इस मौके पर भाजपा विधायक पवन कुमार यादव एवं जिला भाजपा अध्यक्ष संतोष कुमार भी मौजूद थे।
 

Content Writer

Nitika