अशोक चौधरी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बनाया गया JDU का कार्यकारी अध्यक्ष

9/27/2020 6:37:10 PM

 

पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी को जनता दल यूनाइटेड (JDU) का प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के स्वास्थ्य तथा बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए अशोक चौधरी को संगठन की जिम्मेवारी दी है। चौधरी ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि कुमार ने खुद उन्हें जदयू के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी के संबंध में जानकारी दी।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने भी दिल्ली से टेलीफोन कर उन्हें मिली नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी। मंत्री ने कहा कि जदयू में शामिल होने से पहले वह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके हैं इसलिए उन्हें सांगठनिक कार्यों का अनुभव है। इस अनुभव का लाभ उन्हें नई जिम्मेदारी को निभाते समय मिलेगा। उन्होंने इस बात से इनकार किया कि कार्यकारी अध्यक्ष के लिए उनका चयन दलितों के वोट को लुभाने के लिए किया गया है। चौधरी ने कहा कि जदयू में कोई भी निर्णय जाति और धर्म के आधार पर नहीं लिया जाता है।

पार्टी नेतृत्व ने यह निर्णय उनकी सांगठनिक क्षमता और दल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देख कर ही लिया है । उन्होंने कहा कि इस बार के विधान सभा चुनाव में वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को 200 से अधिक सीट पर जीत दिलाने के लिए काम करेंगे।

Nitika