किसानों की सुविधा के लिए बिहार में खुलेगा APEDA कार्यालय, केंद्रीय कृषि मंत्री ने की घोषणा

Thursday, Sep 19, 2024-05:22 PM (IST)

नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार में कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) का कार्यालय खोलने की घोषणा करते हुए कहा है कि राज्य में कृषोन्नति योजना के लिए अच्छे प्रदर्शन के आधार पर अधिक राशि के आवंटन की जाएगी। 

शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को बिहार के कृषि मंत्री मंगल पांडे के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में, बिहार के कृषि उत्पादों का निर्यात बढ़ाने और किसानों की सुविधा के लिए बिहार में एपीडा का ऑफिस खोलने का निर्णय लिया गया। चौहान ने कहा कि बिहार में किसानों के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हरसंभव उपाय किए जा रहे हैं। इसके तहत उन्होंने हाईब्रीड-उन्नत बीजों के लिए केंद्रीय कृषि मंत्रालय का सहयोग प्रदान करने के निर्देश भी दिए। साथ ही, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना में अधिक आवंटन के लिए बिहार की मांग पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल दिशा-निर्देश दिए। इस योजना की बिहार के लिए दूसरी किस्त जारी कर दी गई है। 

गेहूं के लिए अधिक आधार बीज उपलब्ध कराने के निर्देश
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार का कृषि क्षेत्र में अच्छा कामकाज है। इस आधार पर कृषोन्नति योजना के लिए अधिक राशि के आवंटन के लिए भी उन्होंने बैठक में ही निर्देश दिया। इसके अलावा, गेहूं के लिए अधिक आधार बीज उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय मंत्री ने निर्देश दिए और कृषि यांत्रिकरण के लिए अधिक राशि उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया गया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के बिहार के क्षेत्रीय मक्का अनुसंधान और बीज उत्पादन केंद्र को अत्याधुनिक बनाया जाएगा। लीची के लिए प्रसिद्ध बिहार में लीची एवं शहद उत्पादक किसानों की सहायता के लिए भी उन्होंने दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसके साथ ही मखाना उत्पादकों के सशक्तीकरण करने का निर्णय लिया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static