लव-कुश समीकरण को मजबूत करने में जुटे CM नीतीश, कुशवाहा के बाद एक और बड़े नेता पार्टी में होंगे शामिल

3/30/2021 1:01:43 PM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी पार्टी जदयू को मजबूत करने में जुटे हैं। इसी के चलते अब उपेंद्र कुशवाहा के बाद रालोसपा के एक और बड़े नेता भगवान सिंह कुशवाहा की घर वापसी हो सकती है। दरअसल, नीतीश कुमार ने उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा का जदयू में विलय कर दिया था। इतना ही नहीं कुशवाहा को विधान पार्षद बनाकर सदन में भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को होली के अवसर पर जदयू के पूर्व नेता व कभी मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी रहे भगवान सिंह कुशवाहा जदयू के पूर्व प्रदेश अध्‍यक्ष व राज्यसभा सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह के घर पहुंचे। भगवान सिंह कुशवाहा ने बीते विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर जदयू छोड़कर जगदीशपुर से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। अब उनके वशिष्‍ठ नारायण सिंह से मिलने के बाद से जदयू में शामिल होने की अटकलें लग रही हैं।

वहीं वशिष्‍ठ नारायण सिंह से मुलाकात के बाद भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने जदयू छोड़ दिया था, लेकिन उनका पार्टी से लगाव कायम रहा है। वशिष्ठ नारायण सिंह अभिभावक हैं, वे उनके आदेश का पालन करेंगे। वहीं वशिष्ठ नारायण सिंह ने भी कहा कि भगवान सिंह कुशवाहा कभी भी जदयू से दूर नहीं गए। उनका पार्टी छाेड़ना उस समय की परिस्थितियाें का फैसला था, जिसका अब कोई मतलब नहीं है। बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा की जदयू में वापसी में वशिष्‍ठ नारायण सिंह की मध्‍यस्‍थता महत्‍वपूर्ण रही थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static