बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा ने थामा BJP का दामन, पिछले दिनों पार्टी से दिया था इस्तीफा

4/4/2024 1:55:36 PM

पटनाः बिहार के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शर्मा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद आज भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्होंने पिछले दिनों इस्तीफा देने के बाद कहा था कि सीट बंटवारे की वजह से पार्टी के कार्यकर्ताओं में निराशा है।

अनिल शर्मा ने कहा था कि कांग्रेस को ऐसी सीटें दी गई हैं, जहां जीतना मुश्किल है, जबकि आसानी से जीतने वाली सीटें पार्टी से छीन ली गई हैं। उन्होंने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कांग्रेस को कमजोर सीटें दी हैं। यह उनकी सोची-समझी रणनीति है, ताकि कांग्रेस बिहार में हाशिए पर ही रहे।

वहीं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कमजोर हुई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैंने प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए पप्पू यादव का विरोध किया था, लेकिन आज वह कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उनका महिमामंडन नहीं कर सकता।

Content Writer

Nitika