बिहार हिंसा पर बोले अमित शाह- 2025 में BJP की सरकार बनी तो दंगाइयों को उल्टा लटकाकर सीधा करेंगे

4/2/2023 5:03:27 PM

नवादाः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज बिहार के नवादा जिले के हिसुआ में आयोजित सम्राट अशोक जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर साल 2025 में बिहार में भाजपा की सरकार बनी, तो सासाराम और बिहारशरीफ में बेखौफ घूम रहे दंगाइयों को उल्टा लटका दिया जाएगा।

 "नीतीश के लिए भाजपा के दरवाजे हमेशा के लिए हो गए हैं बंद"
अमित शाह ने कहा कि अब नीतीश के लिए भाजपा के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो गए हैं। 2024 लोकसभा चुनाव के बाद महागठबंधन सरकार गिर जाएगी और हमारी सरकार आएगी। मैं ईश्वर से कामना करता हूं कि बिहार में जल्द ही शांति की स्थापना हो। मैंने सुबह गवर्नर साहब को फोन किया तो लल्लन सिंह जी बुरा मान गए कि आप क्यों बिहार की चिंता करते हो? अरे भाई, मैं देश का गृहमंत्री हूं और बिहार की कानून व्यवस्था भी देश का एक हिस्सा है। 

"2025 में बिहार में भाजपा की सरकार बनाइए"
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि बिहार की सरकार बुरी नीयत और बुरी नीति की सरकार है। भ्रष्टाचार का B, अराजकता का A और दमन का D... इन तीनों से मिलकर ये सरकार बनी है और इसे उखाड़कर फेंक देना है। अमित शाह ने बिहार की घटना पर बोलते हुए कहा कि आज समग्र बिहार चिंता कर रहा है। बिहारशरीफ में आग लगी है, सासाराम में आग लगी है। 2024 में मोदी जी को पूर्ण बहुमत दीजिए और 2025 में बिहार में भाजपा की सरकार बनाइए। इन दंगा करने वालों को उल्टा लटका कर सीधा करने का काम भाजपा करेगी।

Content Editor

Swati Sharma