राज्यसभा सीटों पर वोटिंग के बीच एक्शन मोड में सीएम नीतीश, पटना समाहरणालय का लिया जायजा
Monday, Mar 16, 2026-02:54 PM (IST)
Nitish Kumar News : बिहार सहित 10 राज्यों के 37 राज्यसभा सीटों पर आज वोटिंग है। बिहार में पांच सीटों के लिए छह उम्मीदवार मैदान में है। बिहार विधानसभा के कुल 243 विधायक इन 6 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। तो वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने काम में व्यस्त हैं। वह लगातार विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। इस चुनाव में वो भी जेडीयू से उम्मीदवार हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को पटना समाहरणालय भवन का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस दौरान पटना समाहरणालय के विकासात्मक कार्यों का जायजा भी लिया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाहरणालय भवन के पांचवे तले पर मीटिंग हॉल, उप विकास आयुक्त-जिला परिषद कार्यालय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कार्यालय का मुआयना किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाहरणालय के सभी तल का भी मुआयना किया। उन्होंने पटना के कलेक्टेरियट घाट से सभ्यता द्वार तक बनायी जानेवाली सड़क निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बन जाने से छठ वर्तियों को पूजा में सहूलियत होगी, मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों को भी इससे सुविधा मिलेगी साथ ही कल्केटेरियट घाट की भव्यता और बढ़ जाएगी।
सीएम नीतीश कुमार ने अधिकारियों को कलेक्टेरियट घाट से सभ्यता द्वार तक बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने समाहरणालय परिसर में बनने वाले वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। नीतीश कुमार ने डबल डेकर पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के क्रम में बाकी बचे हुये कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन से समन्वय स्थापित कर इसे जल्द से जल्द पूरा करें। इन कार्यों के पूर्ण होने से मेट्रो से कनेक्टिविटी और बेहतर हो सकेगी।

