कैमूर जिले में खनन मंत्री बृजकिशोर समेत BJP के सभी निवर्तमान विधायकों को मिली हार

11/11/2020 1:31:47 PM

भभुआः बिहार के कैमूर जिले में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सबसे बड़े घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कोटे से राज्य सरकार में खनन मंत्री बृजकिशोर बिंद समेत सभी चार निवर्तमान विधायक को पराजय का सामना करना पड़ा।

चैनपुर सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रत्याशी मोहम्मद जमां खान ने खनन मंत्री और भाजपा के निवर्तमान विधायक बृजकिशोर बिंद को 24294 मतों के अंतर से परास्त कर दिया। विधानसभा चुनाव में चैनपुर एक मात्र सीट है, जहां बसपा ने जीत हासिल की है। पिछले विधानसभा चुनाव में बिंद ने (बसपा) प्रत्याशी मोहम्मद जमां खान को बेहद कड़े मुकाबले में महज 671 मतों के अंतर से पराजित किया था।

रामगढ़ सीट से राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र सुधाकर सिंह ने बसपा उम्मीदवार अंबिका सिंह को कड़े मुकाबले में 189 मतों के अंतर से परास्त कर दिया। भाजपा प्रत्याशी और निवर्तमान विधायक अशोक कुमार सिंह तीसरे नंबर पर रहे। राजद ने यह सीट भाजपा से छीनी। मोहनिया (सु) सीट से राजद की नई प्रत्याशी संगीता देवी ने भाजपा के निवर्तमान विधायक निरंजन राम को 12054 मतों के अंतर से मात दे दी। राजद ने यह सीट भाजपा से छीनी।

भभुआ सीट पर राजद प्रत्याशी भरत बिंद ने पूर्व विधायक दिवंगत आनंद भूषण पांडेय की पत्नी और निवर्तमान भाजपा विधायक पांडेय रिंकी रानी पांडेय को 10045 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। राजद ने यह सीट भाजपा से छीनी। वर्ष 2015 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी आनंद भूषण पांडेय निर्वाचित हुए थे। भाजपा प्रत्याशी आनंद भूषण पांडेय ने जनता दल यूनाईटेड (जदयू) उम्मीदवार डा.प्रमोद कुमार सिंह को 7744 मतों के अंतर से मात दी थी। आनंद भूषण पांडेय के निधन के बाद रिक्त हुयी सीट पर हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी रिंकी रानी पांडेय भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी।

Ramanjot