गोपालगंज में जन्मा एक ऐसा विचित्र बच्चा जिसे देखने के लिए उमड़ी भीड़, ढाई घंटे बाद तोड़ा दम

2/18/2021 7:00:30 PM

 

गोपालगंजः बिहार के गोपालगंज जिले में एक ऐसे विचित्र बच्चे का जन्म हुआ, जिसे देखने के लिए अस्पताल में भीड़ जमा हो गई। हालांकि बच्‍चा केवल ढ़ाई घंटे ही जीवित रह सका। वहीं इससे पहले भी बिहार में एलियन जैसे दिखने वाले विचित्र बच्‍चे पहले भी मिलते रहे हैं।

दरअसल, गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के साहिबा चक्र गांव निवासी चुनचुन यादव की पत्नी को प्रसव पीड़ा होने लगी। इसी बीच परिजनों के द्वारा महिला को हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां महिला ने एक एलियन जैसे विचित्र बच्‍चे को जन्म दिया। बच्चे की दोनों आंखें बड़ी-बड़ी व सुर्ख थीं। ऊपर के जबड़े में वयस्कों की तरह दांत थे। शरीर पर सफेद रंग का अलग तरह का आवरण था। जिसने भी बच्‍चे को देखा, दूसरे ग्रह से आया प्राणी समझ बैठा।

वहीं बच्चे को देखकर स्वास्थ्यकर्मी भी दंग रह गए। एलियन जैसे इस बच्चे को देखने के लिए अस्पताल में भीड़ उमड़ पड़ी। जिसने भी बच्‍चे को देखा, वह सभी उसे एलियन समझ बैठे। जन्‍म के लगभग ढाई घंटे बाद नवजात ने दम तोड़ दिया। विचित्र बच्चे को जन्म देने वाली महिला स्वस्थ हैं। बच्चे को जन्म देने वाली महिला ने 2 साल पहले भी एक सामान्‍य बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन एक सप्ताह बाद उसकी मौत हो गई थी।

डॉक्‍टरों के अनुसार, ऐसे बच्‍चे का जन्‍म 10 लाख में एक का होता है। इसका कारण माता-पिता में जेनेटिक म्‍यूटेशन होता है। ऐसे बच्चे अधिकतम कुछ दिनों तक जिंदा रह पाते हैं, क्योंकि उनके सभी अंग पूरी तरह विकसित नहीं होते हैं। ऐसे बच्चों के शरीर के ऊपर एक लेयर होता है, जिससे त्वचा आक्सीजन नहीं ले पाती है। यह 'हर्लेक्विन इचथिस्योसिस' की बीमारी होती है।
 

Content Writer

Nitika