BJP का आरोप- कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने किया 5.31 करोड़ की सरकारी राशि का गबन, CM करें बर्खास्त

8/22/2022 6:18:50 PM

पटनाः भाजपा ने बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले महागठबंधन सरकार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कोटे से कृषि मंत्री सुधाकर सिंह पर पांच करोड़ 31 लाख रुपए सरकारी राशि का गबन किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अभी भी ब्याज समेत 12 करोड़ रुपए की वसूली की जानी है और ऐसे में मुख्यमंत्री को तत्काल उन्हें बर्खास्त कर देना चाहिए।


बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा के राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राजद के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जगदानंद सिंह के मंत्री पुत्र सुधाकर सिंह पर लगाए गए आरोपों से संबंधित दस्तावेज पेश करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर एक दागी मंत्री को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री सुधाकर सिंह पर 12 करोड़ रुपए से अधिक की राशि बकाया है, जिसे अब तक वसूला नहीं जा सका है। इस सिलसिले में उनके खिलाफ 27 नवंबर 2013 को मामला भी दर्ज हुआ था।

सुशील मोदी ने आरोप लगाते हुए कहा कि सुधाकर सिंह लंबे समय तक जेल में रहे और 60 लाख रुपया जमा करने के बाद उन्हें जमानत मिली थी। यहां तक कि राशि वसूली के लिए तत्कालीन नीतीश सरकार ने उच्चतम न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाया था। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने अपने आदेश में राशि की वसूली किए जाने का निर्देश भी दिया था। भाजपा सांसद ने सुधाकर पर आरोप लगाया है कि रामगढ़ में उनके दो राइस मिल हैं। पहला सोन वैली राइस मिल जबकि दूसरा सुधाकर राइस मिल है। उन्होंने कहा कि इन दोनों राइस मिल के नाम से उन्होंने वर्ष 2013 में राज्य खाद्य निगम से 5.31 करोड़ रुपए के सरकारी चावल का उठाव किया और उसे अवैध रूप से बेच दिया। इस मामले में राज्य खाद्य निगम ने मंत्री सुधाकर के खिलाफ रामगढ़ थाने में भी मामला दर्ज कराया था। वहीं इन्हीं आरोपों के बाद जिला पंजीयक कार्यालय ने सर्टिफिकेशन केस दर्ज कराया था।

Content Writer

Ramanjot