महागठबंधन के बाद अब JAP ने की घोषणा, कल किसानों के "भारत बंद" का करेंगे समर्थन

9/26/2021 5:13:12 PM

पटनाः बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीत महागठबंधन के बाद अब जन अधिकार पार्टी (जाप) ने भी किसानों के कृषि सुधार कानूनों के विरोध में 27 सितंबर के प्रस्तावित भारत बंद का समर्थन करने का ऐलान किया।

जाप के राष्ट्रीय महासचिव रघुपति सिंह ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि किसानों के द्वारा 27 तारीख को प्रस्तावित भारत बंद को जाप ने समर्थन किया है। 27 सितंबर को किसान आंदोलन के 10 महीने पूरे हो रहे हैं, जिसकी वजह से संयुक्त किसान मोर्चा इस दिन देशव्यापी हड़ताल कर रहा है। उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी किसानों के हित में कल पूरे बिहार में आंदोलन करेगी।

रघुपति सिंह ने कहा कि भारत बंद स्वैच्छिक और शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा। बंद सुबह छह बजे से शाम चार तक के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि जाप नेता एवं कार्यकर्ता किसानों की मांगों को लेकर सभी जगह शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। केंद्र सरकार जबतक काले कृषि कानूनों को वापस नहीं करेगी तबतक हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा।

Content Writer

Ramanjot