BJP-JDU में सीट बंटवारे के बाद मुकेश सहनी बोले- VIP को NDA से बाहर करना चाहती है भाजपा

1/30/2022 7:07:53 PM

पटनाः बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के प्रमुख घटक भाजपा और जदयू के बीच सीटों के बंटवारे के बाद जारी खींचतान के बीच आज विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने कड़ा तेवर अपनाते हुए कहा कि भाजपा उनकी पार्टी को राजग से बाहर करना चाहती है।

वीआईपी प्रमुख एवं मंत्री मुकेश सहनी ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि भाजपा उनकी पार्टी को राजग से अलग करना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में डरी हुई थी और उसके बाद ही उनकी पार्टी से गठबंधन किया था।


सहनी ने कहा कि अब भाजपा उन्हें और उनकी पार्टी को राजग से बाहर करना चाहती है, तभी तो केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) को होने वाले विधान परिषद के चुनाव में एक सीट दिया गया। वहीं, उनकी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के नेतृत्व वाले हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) को जगह नहीं दी गई।

मुकेश सहनी ने दावा किया कि स्थानीय निकाय कोटे की सभी 24 विधान परिषद सीटों पर उनकी पार्टी अपने दम पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। वीआईपी प्रमुख ने उनकी पार्टी के सभी तीन विधायकों के भाजपा से नजदीकी पर सभी हद पार कर दी। उन्होंने कहा कि विधायकों की बदौलत पार्टी नहीं चलती। जनता-कार्यकर्ताओं की बदौलत ही उनकी पार्टी और वह मजबूत हुए हैं और तब जाकर तीनों विधायक बने।

Content Writer

Ramanjot