महापर्व छठः प्रशासन ने 12 घाटों को किया चिन्हित, कहीं जान का खतरा तो कहीं व्रत टूटने का डर

11/8/2021 3:29:48 PM

 

पटनाः बिहार में आज नहाय खाय के साथ महापर्व छठ की शुरुआत हो गई है। इसे लेकर प्रशासन ने भी तैयारियां पूरी कर दी है। प्रशासन ने 12 घाटों को चिन्हित कर उन्हें प्रतिबंधित कर दिया है। वहीं इन घाटों पर जाने से कहीं जान का खतरा है तो कहीं व्रत टूटने का डर है।

जानकारी के अनुसार, कंटाही घाट, टेढ़ी घाट, महाराज घाट और मिरचई घाट दलदल से खतरनाक हो गए हैं। साथ ही अदालत घाट, मिश्री घाट, टीएन बनर्जी घाट, जजेज घाट, अंटा घाट, जहाज घाट, बीएन कॉलेज घाट और बांकीपुर घाट ऐसे है, जहां पर गंगा जल नहीं नालों का पानी बह रहा है। ये घाट छठ व्रत करने के लिए उपयुक्त नहीं​​​ है। वहीं खतरनाक घाटों को लाल रंग के कपड़े से घेरा जाएगा और वहां लाल लाइट लगाई जाएगी जबकि सामान्य घाट पर सफेद पीला और सफेद नीला कपड़ा लगाकर सफेद लाइट लगाई जाएगी।

बता दें कि पटना में 2 घाट ऐसे हैं, जहां अभी तैयारी चल रही है। इन घाटों पर भी श्रद्धालुओं को सावधानी से जाना होगा। प्रशासन का कहना है कि कलेक्ट्रेट घाट और महेंद्रू घाट पर संपर्क मार्ग की समस्या है। इन घाटों के संपर्क मार्ग पर पानी के साथ दलदल है। ऐसे में इन घाटों पर जाने के लिए बांस घाट से संपर्क मार्ग बनाने का काम चल रहा है।

Content Writer

Nitika