शादी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

11/13/2021 4:28:33 PM

सिवानः बिहार के सिवान जिले के शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गई, जब हर्ष फायरिंग में गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के जमो थाना इलाके के सिसवा कला गांव की है। बताया जा रहा है कि यहां शुक्रवार देर रात निकाह के बाद हर्ष फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग में दो युवकों को गोली लगी, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। आनन-फानन में दोनों युवकों को सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां, डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।

वहीं दूसरे युवक की गंभीर हालत को देखते हुए हाई सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान झारखंड के जमशेदपुर के रहने वाले एमएस फारूक के पुत्र एमएस रफीक के रूप में हुई है।

Content Writer

Ramanjot