नीतीश कुमार ने पटना म्यूजियम के एक हिस्से की खुदाई को बताया आवश्यक

11/18/2021 11:33:56 AM

 

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुरातात्विक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण पटना म्यूजियम के एक हिस्से की खुदाई करवाने को आवश्यक बताया। साथ ही कहा कि ऐसा होने से यहां के इतिहास के बारे में और विशेष जानकारी मिल सकेगी।

नीतीश कुमार ने पटना म्युजियम का भ्रमण कर वहां चलाए जा रहे अपग्रेडेशन एवं विस्तार कार्यों की जानकारी लेने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाटलिपुत्र एक ऐतिहासिक स्थल है। पुरातात्विक द्दष्टिकोण से पटना म्यूजियम का यह स्थल काफी महत्वपूर्ण है। इस दृष्टिकोण से पटना म्यूजियम के एक हिस्से में खुदाई करवाना आवश्यक है ताकि पुरातात्विक अवशेषों की प्राप्ति से यहां के इतिहास के बारे में और विशेष जानकारी मिल सकेगी।

वहीं मुख्यमंत्री ने पटना म्यूजियम का भ्रमण करने के बाद बिहार म्यूजियम का भी निरीक्षण किया और इन दोनों म्यूजियम को जोड़ने वाले अंडरग्राउंड पथ के निर्माण कार्य को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने इसके बाद नए प्रस्तावित बस अड्डे के निर्माण के लिए फुलवारीशरीफ के मुरादपुर, बिहटा के नेउरा तथा कन्हौली में स्थल निरीक्षण किया।

 

Content Writer

Nitika