बिहार के किशनगंज में 1100 रुपए में बिका मुर्गी का एक अंडा, आखिर क्या है इसके पीछे की वजह

12/20/2021 3:25:37 PM

किशनगंजः 10 रुपए में बिकने वाला मुर्गी का अंडा बिहार में 1100 रुपए में बिका। जी हां, सुनने में भले ही अजीब लग रहा हो, लेकिन यह बात पूरी तरह सच है। जब बात आस्था पर आ जाए तो लोग कीमत की परवाह नहीं करते। जुम्मा के दिन 1100 रुपए में एक अंडा खरीदने वाला शख्स इसे प्रसाद समझकर काफी खुश है।

दरअसल, पूरा मामला किशगनंज शहर के फरिंगगोड़ा का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार यानी जुम्मा के दिन मुस्लिम समुदाय के लोग जुमे की नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद में पहुंचे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति को मस्जिद परिसर में पड़ा अंडा दिखाई दिया। उसने इस अंडे को मस्जिद के मौलवी मंजूर अहमद को दे दिया। इसके बाद मौलवी ने अंडे की नीलामी की, जिसमें वहां मौजूद लोगों ने बढ़चढ़ हिस्सा लिया। लोग अपने-अपने हिसाब से कीमतें बोलने लगे।

लोगों ने अल्लाह की आस्था में 10 रुपए से 100, फिर 200, 500, 600 और 1100 तक उस अंडे की कीमत लगा दी। वहीं एक अशगर अली नामक शख्स ने 1100 रुपए में अंडा खरीद लिया और प्रसाद समझकर घर ले गया।
 

Content Writer

Ramanjot